दो करोड़ की लूट: फरार दो बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम, पांच पहले ही जा चुके हैं जेल

दो करोड़ की लूट: फरार दो बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम, पांच पहले ही जा चुके हैं जेल
हापुड़। शहर के चर्चित उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई दो करोड़ की लूट में फरार चल रहे दो बदमाशों पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस इस मामले में पहले ही मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बीते सोमवार को हथियारबंद बदमाश व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर में घुसे थे। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
रविवार देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से संभल के थाना बिलारी क्षेत्र का साहिब ए आलम और मुरादाबाद के बसंत विहार बलदरपुरी का रोहित सागर घायल हो गए। पुलिस ने मुरादाबाद के थाना मैनाठेर के गुड्डू आलम, संभल के टिंकू और निलंबित सिपाही विक्की गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल दो बदमाश अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। फरार बदमाशों में से एक श्याम ने वर्ष 2025 में मुरादाबाद में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं।











