खेत से पानी लेने गई किशोरी का कार सवार तीन युवकों पर अपहरण का आरोप , दी तहरीर

खेत से पानी लेने गई किशोरी का कार सवार तीन युवकों पर अपहरण का आरोप , दी तहरीर
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेशर क्षेत्र के खादर क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम करने गई किशोरी को कार सवार तीन युवकों द्वारा जबरन अपहरण कर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी के साथ जंगल में खेती का काम करने गई थी। दोपहर के समय उसकी बेटी पड़ोस में चल रहे नलकूप से पानी लेने के लिए गई थी।
महिला के अनुसार कुछ देर बाद वहां एक कार आकर रुकी। कार में सवार तीन लोग अचानक उसकी बेटी को जबरन पकड़कर गाड़ी में डालने लगे। किशोरी ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी उसे लेकर मौके से फरार हो गए। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग जब तक कुछ समझ पाते, कार सवार वहां से निकल चुके थे।
घटना के बाद पीड़ित मां ने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और बेटी को बरामद करने की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और कार की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।











