खेत में काम कर रही महिला को सांप ने डसा, हालत गंभीर, मेरठ रेफर

खेत में काम कर रही महिला को सांप ने डसा, हालत गंभीर, मेरठ रेफर
हापुड़। थाना सिम्भावली क्षेत्र के मतनौरा गांव में मंगलवार को खेत में काम कर रही एक महिला को सांप ने काट लिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन महिला को आनन-फानन में सीएचसी सिखेड़ा ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
मतनौरा गांव निवासी अजय ने बताया कि उनकी पत्नी ललिता मंगलवार को खेत में काम करने गई थी। काम के दौरान अचानक एक सांप ने ललिता के हाथ में काट लिया। सांप के काटते ही ललिता जोर से चिल्लाई। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे।
किसानों ने तुरंत ललिता के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को सीएचसी सिखेड़ा लेकर गए। सीएचसी सिखेड़ा प्रभारी डॉ. अमित बैसला ने बताया कि सांप के काटने के बाद महिला की हालत बिगड़ रही थी। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। किसानों ने प्रशासन से खेतों के आसपास झाड़ियों की सफाई कराने और एंटी वेनम की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।











