85 लाख की लूट का एक लाख का ईनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, जवाबी फायरिंग में लगा गोली

85 लाख की लूट का एक लाख का ईनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, जवाबी फायरिंग में लगा गोली
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।थाना पिलखुवा पुलिस ने रविवार देर रात 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित 1 लाख रुपये के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान बदमाश ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को पिलखुवा क्षेत्र में एक कलेक्शन एजेंट से 85 लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना में फरार चल रहे बदमाश इस्तकार पुत्र काबली निवासी सुल्तानपुर, थाना नौगांवा सादात, जनपद अमरोहा को जनपदीय स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर पिलखुवा थाने लाया था।
थाने से मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाते समय बदमाश ने पेट दर्द का बहाना बनाया। अस्पताल परिसर में मौका पाकर उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायर कर भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल अवस्था में पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। उसके कब्जे से पुलिस से छीनी गई पिस्टल, 9 खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि बदमाश से पूछताछ की जा रही है और लूट के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।















