27वां कारगिल विजय दिवस मनाया, DM ने शहीद की पत्नी को किया सम्मानित

27वां कारगिल विजय दिवस मनाया, DM ने शहीद की पत्नी को किया सम्मानित
हापुड़। कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों की याद में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 27वां कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास समिति की अध्यक्ष श्रीमती कविता मीना आईएएस ने की। इस अवसर पर उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीद स्व. राज सिंह 17 जाट की पत्नी वीरनारी मुंकेश देवी निवासी सैनिक कॉलोनी, बाबूगढ़ छावनी को शाल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों के बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उनकी शहादत से मिली विजय हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। सरकार शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ले. क. विवेक सिंह, वारंट ऑफिसर मनबीर सिंह उपाध्यक्ष जिला सैनिक बंधु, कैप्टन राजेश जिलाध्यक्ष पूर्व सैनिक संघ, हवलदार शाहिद अली जिलाध्यक्ष एईडीसी, कैप्टन महीपाल सिंह सहित कारगिल युद्ध में भाग ले चुके बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखा।















