2027 में यूपी की मुख्यमंत्री बनेंगी अनुप्रिया: अपना दल एस ने लिया संकल्प

2027 में यूपी की मुख्यमंत्री बनेंगी अनुप्रिया: अपना दल एस ने लिया संकल्प
हापुड़ में हुई मासिक समीक्षा बैठक, बूथ-बूथ तक संगठन मजबूत करने पर जोर
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। अपना दल एस ने 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। यह बात गुरुवार को जिला कैंप कार्यालय में हुई मासिक समीक्षा बैठक में कही गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आदेश त्यागी ने की और संचालन जिला सचिव यशपाल कश्यप ने किया। आदेश त्यागी ने कहा कि पार्टी को घर-घर, बूथ-बूथ तक ले जाना है। सामाजिक न्याय की लड़ाई को जनता तक पहुंचाकर युवा, महिला, किसान, मजदूर और शोषित वर्ग को संगठन से जोड़कर इसे जमीन स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
बैठक में धौलाना, हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर तीनों विधानसभाओं के अध्यक्ष मौजूद रहे। हाल ही में नियुक्त गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा अध्यक्ष श्री कृष्ण वीर त्यागी, जिला महासचिव आशीष कश्यप और धौलाना विधानसभा के प्रस्तावित जोन अध्यक्ष सेंसरपाल चौधरी का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर हापुड़ अध्यक्ष आरडी शर्मा, धौलाना अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, जोन अध्यक्ष अमित त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष अनिल त्यागी, जिला महासचिव शशि जी, वरिष्ठ नेता सुमन अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।















