हापुड़ में 1.84 करोड़ रुपये की ठगी , एफआईआर दर्ज

हापुड़।
हापुड़ में न्यायालय में मुकदमा लगवाने, जमीन विवाद निपटाने और कोर्ट से राहत दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 84 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रवीण कुमार, नितिन पूनिया और सोनू सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने खुद को न्यायालय और अधिकारियों से जुड़ा बताकर पीड़ित परिवार का विश्वास जीता तथा कई वर्षों तक अलग-अलग बहानों से धनराशि लेता रहा। आरोपी ने कोर्ट फीस, जमानत, मुकदमा दर्ज कराने, आदेश जारी कराने और जमीन वापस दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले। आरोप है कि भरोसा कायम रखने के लिए आरोपी ने कथित रूप से फर्जी न्यायालयी दस्तावेज भी दिखाए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि लंबे समय तक रकम लेने के बाद भी कोई कानूनी राहत नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। मामले की शिकायत न्यायालय में पहुंचने पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हापुड़ ने थाना हापुड़ देहात पुलिस को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने के आदेश दिए हैं।
न्यायालय ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए पुलिस से नियमानुसार कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। आदेश के बाद क्षेत्र में मामले की चर्चा बनी हुई है।











