मेरठ से हेलीकॉप्टर लेकर आया दुल्हा , दुल्हन को लेकर आसमान में ले उड़ा

हापुड़ ।
आसमान में गूंजती हेलिकाप्टर की आवाज और नीचे खड़ी लोगों की भीड़। जैसे ही हेलिकाप्टर धीरे-धीरे खरखौदा के सत्यवीर त्यागी स्टेडियम के मैदान पर उतरता है तो हर किसी की नजरें उसी पर टिक जाती हैं। कुछ ही पल बाद दरवाजा खुलता है और उसमें से नई नवेली दुल्हन बाहर आती है। उड़नखटोले से हुई यह विदाई हर किसी को हैरान कर देती है। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। दुल्हे को यह तोहफा उनके चाचा ने दिया है।
खरखौदा के मोहल्ला तिहाई निवासी अनिल त्यागी के बेटे केशव त्यागी की शादी सिम्भावली के गांव सिखेड़ा निवासी उदित त्यागी की बेटी मानसी त्यागी के साथ तय हुई थी। शाम दूल्हा हेलीकाप्टर से अपने परिवार के साथ बारात लेकर हापुड़ पहुंचा। रातभर वहां पर शादी की रस्में हुई। सुबह के करीब सात बजे हेलीकाप्टर से दुल्हन को लेकर दुल्हा खरखौदा पहुंचा। सत्यवीर त्यागी स्टेडियम में जब हेलीकाप्टर पहुंचा तो बड़ी संख्या में मेहमान, अन्य लोग दुल्हन के स्वागत में खड़े थे।











