हापुड़ की शिक्षाविद् स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’, बालिका शिक्षा में योगदान पर सम्मान

हापुड़ की स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’, बालिका शिक्षा में योगदान पर सम्मान
नई दिल्ली। बालिका शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक समय से सक्रिय शिक्षा भारती की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान संस्कृति युवा संस्था द्वारा शनिवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वाति गर्ग को यह पुरस्कार देकर उनके कार्यों की सराहना की। समारोह में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी उपस्थित रहे।
सम्मान मिलने के बाद स्वाति गर्ग ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए भावनात्मक क्षण है। उन्होंने इसे शिक्षा भारती परिवार, शिक्षकों, छात्राओं और सहयोगियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें बालिकाओं की शिक्षा के लिए और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देता है।
स्वाति गर्ग ने बताया कि शिक्षा भारती पिछले 30 साल से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जनजातीय छात्राओं के लिए छात्रावास सुविधा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण दे रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।
उन्होंने संस्कृति युवा संस्था का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समाज सेवा के क्षेत्र में काम करने वालों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।















