धोखे से कराई नशेड़ी से शादी, पांच लाख रुपए व कार की डिमांड, विरोध करने पर देवर ने किया रेप का प्रयास

धोखे से कराई नशेड़ी से शादी, पांच लाख रुपए व कार की डिमांड, विरोध करने पर देवर ने किया रेप का प्रयास

हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में महिला ने पति, ससुरालियों और बिचौलियों पर धोखे से शादी कराने और देवर पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी के निर्देश पर पति समेत 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले जनपद बागपत क्षेत्र निवासी परिचितों ने गाजियाबाद क्षेत्र निवासी युवक के साथ कराई थी। शादी में उसके पिता ने करीब आठ लाख खर्च किए थे। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद उसे पता चला कि ससुराल पक्ष और बिचौलियों ने झूठ बोलकर रिश्ता कराया। क्योंकि उसका पति चरस, गांजे व अन्य नशा करने का आदी है और कोई काम काज भी नहीं करता। इस बारे में पूछने पर ससुरालियों ने उसे धमकी दी। वहीं, अतिरिक्त दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग भी करने लगे। इसे पूरा न कराने पर आरोपी उसका और अधिक उत्पीड़न करने लगे। इसी बीच देवर ने कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि एसपी के निर्देश पर महिला के पति समेत 12 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।












