विवाह निमंत्रण के नाम पर भेजी APK फाइल, मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 69 हजार

विवाह निमंत्रण के नाम पर भेजी APK फाइल, मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 69 हजार
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए विवाह निमंत्रण के नाम पर एपीके फाइल भेजकर युवक का मोबाइल हैक कर लिया और बैंक खाते से 69 हजार रुपये निकाल लिए। एसपी के निर्देश पर तहरीर देने के छह दिन बाद बहादुरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
चाचा के नंबर से आई थी फाइल
गांव भस्याना निवासी भूदेव ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि 1 जून की शाम उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर चाचा के नंबर से एक एपीके फाइल आई। फाइल के नीचे ‘विवाह निमंत्रण’ लिखा था। चाचा का नंबर देखकर भूदेव को कोई शक नहीं हुआ और उन्होंने फाइल खोल दी।
तीन दिन तक नहीं चला मोबाइल
भूदेव के अनुसार फाइल खोलते ही साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया। तीन दिन तक फोन हैंग रहा। जब मोबाइल अपने आप चालू हुआ तो बैंक से मैसेज आया कि खाते से 69 हजार रुपये निकल गए हैं
पीड़ित ने पहले थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि एसपी के निर्देश पर बहादुरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर क्राइम सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को न खोलें, भले ही वह परिचित के नंबर से आई हो। पहले कॉल कर पुष्टि जरूर करें। साइबर ठग अब रिश्तेदारों के नंबर हैक कर भी फाइल भेज रहे हैं।











