मकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने बुझाया; शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में लगी थी आग

मकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने बुझाया; शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में लगी थी आग
सेकंड फ्लोर पर लगा था भीषण धुआं, गेट तोड़कर काबू पाया; सोफा-कपड़े जले, कोई जनहानि नहीं
हापुड़। तहसील चौपला के पास बीकानेर स्वीट के पीछे मोहल्ला आर्य नगर में रविवार सुबह एक मकान में आग लग गई। सूचना पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आज सुबह आर्य नगर में दिनेश सिंघल के मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। तत्काल फायर सर्विस यूनिट मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा कि मकान के सेकंड फ्लोर पर आग लगी हुई थी और कमरे में भारी धुआं भरा था।मकान का गेट बंद था और चाबी नहीं मिल रही थी। इस पर फायर सर्विस उपकरणों की मदद से गेट को फैलाकर और कमरे का दरवाजा हटाकर अंदर प्रवेश किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने अत्यधिक धुएं के बीच कठिनाइयों का सामना करते हुए आग को पूरी तरह बुझाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण फ्रिज में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पाने से उसे अन्य फ्लोर और आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। हादसे में सोफा, कपड़े और कुछ अन्य घरेलू सामान जल गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।











