तालाब से पकड़ा मगरमच्छ, घंटों चले ऑपरेशन के बाद रेस्क्यू

तालाब से पकड़ा मगरमच्छ, घंटों चले ऑपरेशन के बाद रेस्क्यू
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना सिम्भावली क्षेत्र के हरोड़ा मोड़ स्थित तालाब में मादा मगरमच्छ दिखने से सनसनी फैल गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का रेस्क्यू कर पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार तालाब में पिछले कई दिनों से मादा मगरमच्छ तैरती और किनारों पर घूमती दिख रही थी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य माना, लेकिन लगातार गतिविधि देखकर चिंता बढ़ गई। तालाब पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों और पशुओं का आना-जाना रहता है, ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से ग्रामीण डरे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को दूर किया। रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ बार-बार पानी की गहराई में जाकर जगह बदलता रहा, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो गया। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने विशेष उपकरणों के साथ घंटों धैर्य से अभियान चलाया।
करीब कई घंटे की मशक्कत के बाद देर रात टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।











