लखनऊ से पिलखुवा पहुंचे कम्पनी कर्मचारी से बदमाशों ने लूटे नौ लाख रुपए, पुलिस अभी तक खाली हाथ

लखनऊ से पिलखुवा पहुंचे कम्पनी कर्मचारी से बदमाशों ने लूटे नौ लाख रुपए, पुलिस अभी तक खाली हाथ
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव दतैड़ी स्थित कृषि यंत्र बनाने की कंपनी के कर्मचारी से कार सवार ने लिफ्ट देने के बहाने रिलायंस रोड पर ले जाकर नौ लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गया। कर्मचारी लखनऊ से कैश की वसूली करके पिलखुवा लौट रहा था। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी की। देर शाम तक पुलिस ने कर्मचारी से पूछताछ के साथ कार सवार की तलाश की।
गांव दतैड़ी की एमबी एग्रो इंडस्ट्रीज के मालिक अंकुर गर्ग ने बताया कि उनकी कंपनी में कृषि उपकरण बनाए जाते हैं और विभिन्न जिलों में इनकी आपूर्ति की जाती है। उनका कर्मचारी उदयराम सोमवार को लखनऊ से नौ लाख रुपये की रकम लेकर वापस पिलखुवा लौट रहा था।
रूट डायवर्जन के कारण वह बस द्वारा पेरिफेरल एक्सप्रेस होते हुए डासना तक पहुंचा और यहां से पिलखुवा आने के लिए श्री व्हीलर का इंतजार कर रहा था।
अंकुर ने बताया कि इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी और कार सवार ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पिलखुवा तक लिफ्ट देने की बात कही। शुरुआत में ला उदयराम ने कार में बैठने से इन्कार कर
दिया, लेकिन इसी दौरान एक दंपती के कार में बैठने के कारण वह भी बैठ गया। जैसे ही कार पिलखुवा पहुंची तो कार चालक ने रिलायंस रोड पर अधिकारी से कुछ देर के लिए मिलने की बात कहते हुए कार मोड़ दी।
रिलायंस रोड पर कार पहुंचने पर चालक ने उदयराम से पिछली सीट से उठकर आगे बैठने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि जैसे ही उदयराम पीछे से आगे आए और उन्होंने आगे बैठने के लिए
खिड़की खोलकर अपना बैग सीट पर रखा तो चालक ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और कार दौड़ा दी। उदयराम शोर मचाते हुए पीछे दौड़े, लेकिन कार सवार भोवापुर की तरफ मुड़कर भाग गया।
लूट की सूचना पर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एएसपी विनीत भटनागर ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। कर्मचारी से भी पुलिस ने घंटों पूछताछ की।
एसपी ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।












