अपहृत किशोरी महिला सहित चंडीगढ़ से बरामद, समलैंगिक संबंधों के कारण अपने मर्जी से गई थी

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र में एक किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने अपहृत किशोरी को महिला के साथ चंडीगढ़ से बरामद कर लिया, परन्तु किशोरी ने कोर्ट में समलैंगिक संबंधों के कारण अपने मर्जी से महिला के साथ जाने के बयान दिए।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के मोदीनगर रोड़ पर 16 जनवरी को एक महिला ने अपनी बेटी को 16 वर्ष की नाबालिग बताते हुए आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री दिल्ली फाटक के निकट ओवरब्रिज के नीचे मूंगफली के ठेले पर गई थी। इसी दौरान नाजिम नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप लगाया था कि नाजिम, नासिर,
फिदरस, नाजिम की पत्नी और जैबुनिशा ने मिलकर उसकी पुत्री का अपहरण किया है। पुलिस टीम को सूचना मिली कि युवती पंजाब में है। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे चंडीगढ़ से तलाश कर लिया। उसके साथ नाजिम की पत्नी भी मिली। पुलिस उसे हिरासत में लेकर हापुड़ लेकर आई।
जांच में युवती बालिग मिली और पूछताछ के दौरान उसने अपने बयान से सभी को चौंका दिया। उसने बताया कि उसका नाजिम की पत्नी के साथ समलैंगिक संबंध है। वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से उसके साथ गई थी।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवती के बयान न्यायालय में दर्ज करा दिए गए हैं। कोर्ट के आदेशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












