होटल में ले जाकर नाबालिग से गैंगरेप, एक गिरफ्तार

होटल में ले जाकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही 17 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले का ही युवक उसे बहला-फुसलाकर गढ़मुक्तेश्वर के एक होटल में ले गया और दोस्त के साथ मिलकर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि उसकी बेटी करीब 2 साल से हापुड़ में मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान मोहल्ले का लक्की नाम का युवक उसे परेशान करने लगा था। पहले समझौता हो गया था, जिसके बाद पीड़ित अपनी बेटी को गांव ले आया था।
पीड़ित के अनुसार 29 जुलाई को उसकी बेटी घर से अचानक गायब हो गई। करीब 5 घंटे बाद वह बाबूगढ़ थाने के पास मिली। पूछताछ में पता चला कि लक्की ने दोस्त निक्की के साथ मिलकर उसे फोन कर गांव के बाहर बुलाया और कार में बैठाकर गढ़मुक्तेश्वर के एक होटल में ले गया। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर दोनों ने दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को बाबूगढ़ पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी लक्की को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी निक्की की तलाश जारी है।















