हापुड़ में फायर विभाग का बड़ा एक्शन: 13 कोचिंग सेंटर-लाइब्रेरी सील, सीएफओ अजय शर्मा के नेतृत्व में चला अभियान

हापुड़ में फायर विभाग का बड़ा एक्शन: 13 कोचिंग सेंटर-लाइब्रेरी सील, सीएफओ अजय शर्मा के नेतृत्व में चला अभियान
हापुड़, गढ़ और पिलखुवा में बुधवार को हुआ फायर ऑडिट, बिना निकास मार्ग-बेसमेंट में चल रहे संस्थानों पर गिरी गाज; सीएफओ बोले: मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
हापुड़। जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर बुधवार को प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और पिलखुवा क्षेत्र के कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी का फायर ऑडिट किया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 13 संस्थानों को तत्काल सील कर दिया गया।
टीम ने अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की सुरक्षा व्यवस्था और जरूरी लाइसेंस-पंजीकरण की गहन जांच की। स्टाफ को आग से बचाव और उपकरण चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
इन संस्थानों का हुआ निरीक्षण
हापुड़ नगर में स्टूडियोज लाइब्रेरी, इंग्लिश मास्टर इंस्टीट्यूट, नॉलेज जंक्शन लाइब्रेरी, कामयाब कोचिंग सेंटर, विद्यार्थी क्लासेस, द स्मार्ट स्टडी प्वाइंट, मधुसूदन लाइब्रेरी, माइंड स्पेस लाइब्रेरी, मोहित क्लासेस, एबीसी इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, नेटवर्क कंप्यूटर एजुकेशन, SNIMS इंस्टीट्यूट, इंडियन कोचिंग सेंटर, विराज क्लासेस, Znet कंप्यूटर एजुकेशन, गेम पार्लर स्पोर्ट्स क्लब, पुलकित नागर कोचिंग सेंटर और ओम लाइब्रेरी का निरीक्षण हुआ। गढ़ और पिलखुवा में भी कई कोचिंग-लाइब्रेरी चेक की गईं।
इन संस्थानों में लगा ताला
जिन संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी, पर्याप्त निकास मार्ग नहीं थे, बेसमेंट में संचालन हो रहा था या लाइसेंस-रजिस्ट्रेशन नहीं था, उन्हें सील किया गया।
सील संस्थान:
एबीसी इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, इंडियन कोचिंग सेंटर, यूपी-37 क्लासेस, नॉलेज जंक्शन लाइब्रेरी, गेम पार्लर स्पोर्ट्स क्लब, ओम लाइब्रेरी, पुलकित नागर क्लासेस, पिनाका कोचिंग सेंटर, गीता स्टडी सेंटर ग्राउंड और प्रथम तल, रेजुलेशन कोचिंग सेंटर, विपुल कोचिंग सेंटर और टॉपर लाइब्रेरी।
सीएफओ की चेतावनी
सीएफओ अजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।











