विद्यालय में टंकी साफ करते दिखे छात्र, वीडियो वायरल

विद्यालय में टंकी साफ करते दिखे छात्र, वीडियो वायरल
हापुड़। सिंभावली क्षेत्र के गांव जखैड़ा रहमतपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को पढ़ाई के समय कुछ छात्र पानी की टंकी की सफाई करते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को कुछ छात्र छत पर बनी पानी की टंकी के पास पहुंचकर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कहा कि विद्यालय में बच्चों से सफाई का काम कराना गंभीर मामला है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक उम्मेद अली ने बताया कि टंकी की सफाई करानी थी। वह खुद सफाई करने वाले थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही कुछ छात्र वहां पहुंच गए और सफाई शुरू कर दी।
इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने कहा कि संभवतः स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कराई जा रही होगी। बावजूद इसके पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















