शादी से लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, दोस्त की बहन की शादी में शामिल होकर दिल्ली जा रहे थे

शादी से लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, दोस्त की बहन की शादी में शामिल होकर दिल्ली जा रहे थे
हापुड़। दोस्त की बहन की शादी में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार को सिंभावली क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के पास नए हाईवे पर हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बृज किशोर पुत्र मूल निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में दिल्ली के रोहिणी इलाके में रह रहे थे और फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले बृज किशोर अपने मित्र रवि चौहान निवासी रूखी भगवानपुर, बुलंदशहर के घर उसकी बहन की शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार को वह शादी समारोह से वापस दिल्ली लौट रहे थे
इसी दौरान सिखेड़ा गांव के पास नए हाईवे पर उनकी गाड़ी किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बृज किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सिंभावली पुलिस ने उन्हें तुरंत सीएचसी सिखेड़ा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।











