बीमा क्लेम के लिए कराई कार चोरी की झूठी रिपोर्ट, रिश्तेदार के घर से बरामद*

बीमा क्लेम के लिए कराई कार चोरी की झूठी रिपोर्ट, रिश्तेदार के घर से बरामद*
हापुड़। बीमा क्लेम हड़पने के लिए दिल्ली निवासी एक शख्स ने अपनी ही कार को “चोरी” बताकर पुलिस में झूठी रिपोर्ट दे दी। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बीमा कंपनी अधिकारियों के साथ हापुड़ के अयादनगर गांव में छापा मारकर कार बरामद कर ली।
मामला दिल्ली के मोहल्ला चिराग निवासी अमित कुमार का है। उसने 16 मई 2026 को मालवीय नगर थाने में अपनी कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी में क्लेम के लिए आवेदन कर दिया।
कंपनी की जांच में मामला संदिग्ध लगा। जांच में पता चला कि अमित के भतीजे कृष्ण की ससुराल थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव अयादनगर में है। बीमा कंपनी की टीम जब गांव पहुंची तो कार बिना नंबर प्लेट के एक घर में खड़ी मिली।
बृहस्पतिवार को दिल्ली साउथ क्राइम ब्रांच ने बीमा कंपनी अधिकारियों के साथ अयादनगर पहुंचकर कार को कब्जे में लिया। घर के स्वामी को भी पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के असिस्टेंट मैनेजर वरुण सक्सैना की तहरीर पर क्राइम ब्रांच अमित कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के आरोप में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।















