बिजली-पानी संकट से उबले लोग, एक घंटे तक सड़क जाम कर किया हंगामा

बिजली-पानी संकट से उबले लोग, एक घंटे तक सड़क जाम कर किया हंगामा
हापुड़। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का सब्र रविवार सुबह टूट गया। विद्या नगर, राज नगर और केशव नगर के लोगों ने सड़क पर वाहन, ड्रम रखकर करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर दिया और ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इन मोहल्लों में पिछले तीन दिन से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिजली न होने से इलाके में पीने के पानी का भी भारी संकट पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों से कई बार लिखित-मौखिक शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। बच्चों और बुजुर्गों का घरों में रहना दूभर हो गया है।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात बिगड़ते देख एसडीएम सदर इला प्रकाश मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके से ही ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बात कर जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया।











