शादी का झांसा देकर छात्रा के अपहरण का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़:।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने युवक पर उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपहरण का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी जगवती ने बताया कि उनकी पुत्री कक्षा 10 की छात्रा है। 6 मई की सुबह बुलंदशहर के गांव किरावली निवासी मुकुल ने शादी का लालच देकर पुत्री को घर से अपहरण कर लिया। मुकुल रिश्तेदारी के नाते पीड़िता के घर आता-जाता था और इसी बहाने उसने युवती को अपने जाल में फंसाया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुकुल के साथ गांव किरावली के ही अफसर, लविश और राज ने भी पूरे मामले में सहयोग किया। जब परिवार वाले युवती की जानकारी लेने पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दे दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी मुकुल की 12 मार्च 2026 को पहले ही शादी हो चुकी है। इसके बावजूद उसने पुत्री को शादी का झांसा दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धमकी का मामला दर्ज किया गया है।











