जिला न्यायालय परिसर में रविवार को लगेगा आयुष्मान कार्ड मेगा शिविर , बनेंगे 1.70 लाख पात्रों के आयुष्मान कार्ड -सीएमओ सुनील त्यागी

हापुड़ ।
जिले के करीब 1.70 लाख पात्र आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग रविवार को जिला न्यायालय परिसर में आयुष्मान कार्ड मेगा शिविर लगा रहा है। अधिक से अधिक पत्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सीएमओ डा. सुनील कुमार त्यागी ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है। इसके दृष्टिगत योजना अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान
कार्ड निर्गत किया जाना अति आवश्यक है। जिन पात्र लाभार्थियों द्वारा अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया गया है वह रविवार को सुबह दस बजे जिला न्यायालय परिसर में बृहद/मेगा सहायता एवं सेवा शिविर में प्रतिभाग कर सकते हैं। लाभार्थी पात्रों को आधार कार्ड व आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर लाना आवश्यक है। शिविर में तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें प्रदान कर दिया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि जिले में जितने भी जनवरी 1956 से पूर्व यानि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। लेकिन कई वरिष्ठ नागरिक ऐसे हैं जिनका कार्ड अभी तक नहीं बन सका है। ऐसे जिले के वरिष्ठ नागरिक भी शिविर में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें।












