दहेज की मांग पूरी ना करने पर विवाहता से मारपीट कर घर से निकाला, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला भगवानपुरी निवासी विवाहिता राशि अग्रवाल ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न करने पर पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राशि अग्रवाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 29 नवंबर 2025 को उनकी शादी दिल्ली स्थित आईपी एक्सटेंशन के मधु विहार निवासी राहुल अग्रवाल के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति राहुल अग्रवाल, चचिया ससुर किशोर अग्रवाल, सास उषा अग्रवाल, जेठ रवि अग्रवाल व जेठानी ज्योति अग्रवाल ने दहेज में अतिरिक्त रुपये व सामान की मांग कर उनकी पिटाई करने लगे।
इतना ही नहीं पति ने अन्य एक युवती से शादी करने की बात कहते हुए उनके साथ दांपत्य संबंध रखने से इन्कार कर दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से की। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।











