नाबालिग छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप, इलाज के दौरान हुई मौत

नाबालिग छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप, इलाज के दौरान हुई मौत
हापुड़ ।
थाना सिम्भावली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को पड़ोसी युवक द्वारा कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इलाज के दौरान देर रात छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिम्भावली क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी कुणाल ने बताया कि उसकी बहन निति (15) कक्षा 8 की छात्रा थी। 21 मई की दोपहर पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी थी। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद निति की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रैफर कर दिया। इलाज के दौरान छात्रा ने परिजनों को बताया कि उसे पड़ोसी युवक ने ही कोल्ड ड्रिंक पिलाई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी गई थी।कुछ सुधार होने पर छात्रा को घर ले आया गया था, लेकिन 27 मई को उसकी हालत दोबारा गंभीर हो गई। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल सिखैड़ा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां देर रात मेडिकल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।
पीड़ित परिवार ने सिम्भावली थाना पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।











