धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ेगी विद्युत क्षमता, 5 एमवीए ट्रांसफार्मर होगा 10 एमवीए, हर बुधवार SDO सुनेंगे शिकायतें

धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ेगी विद्युत क्षमता,
5 एमवीए ट्रांसफार्मर होगा 10 एमवीए, हर बुधवार SDO सुनेंगे शिकायतें
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईए) हापुड़ चैप्टर ने विद्युत विभाग के साथ मंथन बैठक की। बैठक सोमवार को सोसाइटी भवन, धीरखेड़ा में चेयरमैन पवन शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी भी मौजूद रहे।
बैठक में उद्यमियों ने नए कनेक्शन में देरी, खराब CT-PT, ओवरलोडिंग और अवसंरचना सुदृढ़ीकरण का मुद्दा उठाया। आईआईए सचिव लवलीन गुप्ता ने कहा कि आपूर्ति में पहले के मुकाबले सुधार हुआ है, लेकिन नए कनेक्शन के लिए सामग्री नहीं मिल पा रही। वरिष्ठ सदस्य शांतनु सिंघल ने अधिकारियों से क्षेत्र का पुनः सर्वे कराने की मांग की।
क्षमता 15 से बढ़कर 20 एमवीए होगी
अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने उद्यमियों को बड़ी राहत दी। उन्होंने बताया कि अभी धीरखेड़ा को 10 एमवीए और 5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर से बिजली मिल रही है। 5 एमवीए वाले ट्रांसफार्मर को 10 एमवीए करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद क्षेत्र की कुल क्षमता 15 एमवीए से बढ़कर 20 एमवीए हो जाएगी। इससे ओवरलोडिंग कम होगी और उद्योगों को बेहतर आपूर्ति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि मोदीनगर रोड औद्योगिक क्षेत्र के लिए नए विद्युत उपकेंद्र का प्रस्ताव भी शासन स्तर पर भेजा जा चुका है।
हर बुधवार होगी सुनवाई
अधिशासी अभियंता ने दो अहम घोषणाएं और कीं। पहला, किसी भी औद्योगिक उपभोक्ता के यहां उसकी सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा। दूसरा, उपखंड अधिकारी (SDO) अब हर बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धीरखेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर बैठेंगे। वहां उद्योगों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में धीरज चुग, अशोक छारिया, राजेंद्र गुप्ता, मोहित जैन, नितिन गोयल, मुदित बंसल, वैभव गुप्ता, अजय माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।















