ब्रांडेड कम्पनी के नाम पर सेनेटरी सामान बेचने वालें दो लोग हिरासत में, 20 लाख का माल बरामद

हापुड़ ।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में सेनेटरी सामान के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है। वानिक उद्योग बजरंगपुरी स्थित गोदाम में छापा मारकर पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
मौके से खाली रेपर, गत्ते के डिब्बे, पैकिंग सामयी, वारंटी स्टिकर और एमआरपी स्लिप मिली हैं. इनका इस्तेमाल ब्रांडेड सामान के नाम पर धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था।
सेरा कंपनी के अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोदाम पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि टोटी और पाइप जैसे उत्पादों के नाम पर नकली पैकिंग कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। इससे ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा था। कंपनी की ओर से मैनेजर मनीष जिंदल ने
बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में फर्जी सामग्री पकड़ी गई।
उन्होंने बताया कि कंपनी के ब्रांड का दुरुपयोग कर बाजार में गलत तरीके से सामान बेचा जा रहा था। मौके पर कंपनी के लीगल एडवाइजर शेखर भी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बरामद सामग्री की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











