कपड़े की दो दुकानों में लगी आग, दमकल कर्मियों ने बाल्टी-मग्गे से बुझाई

कपड़े की दो दुकानों में लगी आग, दमकल कर्मियों ने बाल्टी-मग्गे से बुझाई
हापुड़।नगर कोतवाली क्षेत्र के खाई मोहल्ले में शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दो दुकानों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट ने स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टी और मग्गे से पानी डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग सुनारों की मार्केट से आगे खाई मोहल्ले में स्थित मीनू क्लॉथ स्टोर और अमीर पुत्र मीनू की कपड़े की दुकान में लगी। मीनू क्लॉथ स्टोर में नग, सितारे, बेल आदि का काम होता है, जबकि दूसरी दुकान में कपड़े और साड़ियां रखी थीं।फायर सर्विस यूनिट को सूचना मिलते ही टीम रवाना हुई, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। मौके पर स्थानीय लोग पहले से ही टंकी के पाइप से आग बुझाने में जुटे थे।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर टंकी के पाइप, बाल्टियों और मग्गे से पानी डालकर आग बुझाई। दुकान में लगे प्लाईवुड के बोर्ड को तोड़कर अंदर लगी आग को पूरी तरह शांत किया गया। आग से कपड़े, सूट, साड़ी, नग, सितारे, बेल, प्लाईवुड आदि का सामान जल गया।
अग्निशमन कार्य पूरा होने के बाद फायर सर्विस यूनिट वापस फायर स्टेशन लौट गई।











