उधार रूपयों के लेन-देन को लेकर दंबगों ने की युवक पर फायरिंग, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में देर रात उधार रूपयों के लेन-देन को लेकर दंबगों युवकों ने युवक पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ के गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी आकाश नामक युवक की सब्जी की दुकान है। आकाश ने गांव के अमित कुमार को करीब 80 हजार रुपए उधार दिए थे, जिसे अमित लौटाने में टालमटोल कर रहा था।
बुधवार देर रात आकाश ने अमित से फिर अपने रुपए मांगे। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर बाद अमित कुमार अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और आकाश को धमकाने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने आकाश पर कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बाबूगढ़ थाना पुलिस भारी बल के साथ गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।











