जिला उघोग केन्द्र के डिप्टी कमिश्नर ने उघमियों को दी नये उघोग लगाने व सरकारी योजनाओं की जानकारी, गंगा एक्सप्रेस पर स्थापित होगा नया औघोगिक एरिया

हापुड़ । IIA द्वारा चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा की अध्यक्षता में एक मंथन बैठक का आयोजन सोसाइटी भवन, धीरखेड़ा पर किया गया। बैठक की शुरुआत मुख्य वक्ता के रूप में जिला उद्योग केन्द्र, मेरठ से पधारे उपायुक्त दीपेन्द्र सिंह को बुके देकर की गई। उपायुक्त ने उद्यमियों को संबोधित कर उद्योगों से संबंधित नई जानकारियां दीं।
उन्होंने बताया कि आयात निर्यात में जिला उद्योग केन्द्र की लाभकारी छूट का प्रावधान है। नए उद्योग लगाने व उनके विस्तार में MSME की अनेक लाभकारी योजनाएं, सुविधाएं और रियायतें उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्योग हित से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इसके अतिरिक्त एक बहुत महत्वपूर्ण सूचना दी कि शासन द्वारा उoप्रo के 5 मुख्य एक्सप्रेसवे के किनारे बहुत बड़े बड़े औद्योगिक पार्क विकसित करने की वृहत् योजना है। इनमें नवनिर्मित गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ के पास बिजौली में यूपीडा द्वारा 529 एकड़ का एक इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाना है। जिसमें जिला उद्योग केंद्र, मेरठ द्वारा एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (रुचि की अभिव्यक्ति) उद्यमियों की तरफ से ली जा रही है। उपायुक्त महोदय द्वारा इस विषय पर भी बैठक में विस्तृत जानकारी दी गई और कहा कि उद्यमी भाई इन योजनाओं से बहुत लाभ उठा सकते हैं।
बड़ी संख्या में उपस्थित उद्यमियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। मंथन बैठक का संचालन सचिव लवलीन गुप्ता ने किया। श्री अशोक छारिया, शान्तनु सिंहल, राजेन्द्र गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, अतुल गोयल, वैभव गुप्ता, विपिन तायल ने अनेक बिंदुओं पर विमर्श किया।












