अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 2 शातिर गिरफ्तार, 9 बाइक बरामद

अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 2 शातिर गिरफ्तार, 9 बाइक बरामद
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना/ रिशु सिंह)।
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 दोपहिया गाड़ियां, अवैध असलहा और चाकू बरामद किया गया है।
एसपी के निर्देश पर अपराध रोकथाम अभियान के तहत पुलिस टीम रावली पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने 2 संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी और पूछताछ में उनके पास से चोरी की 8 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी बरामद हुई। साथ ही अवैध तमंचा और चाकू भी मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे NCR क्षेत्र, दिल्ली और आसपास के जनपदों से बाइक चोरी कर उन्हें कम दामों में बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान पुत्र उस्मान निवासी कशेरुआ, थाना गजरौला, जनपद अमरोहा हाल पता जाकिर कॉलोनी, मेरठ और मोनू उर्फ बब्बन पुत्र सुरेश निवासी साहबपुर, थाना गजरौला, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।
सीओ अनिता चौहान ने बताया दोनों शातिर किस्म के वाहन चोर हैं। इनके खिलाफ दिल्ली, अमरोहा, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद और हापुड़ में चोरी, लूट, हत्या, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के करीब 3 दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। बरामद वाहनों की जांच कर असली मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।















