हाईवे के रेस्तरां से मंगाया पिज्जा खाने से 10 साल की बच्ची की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

हाईवे के रेस्तरां से मंगाया पिज्जा खाने से 10 साल की बच्ची की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
न्यू आर्य नगर के मनोज तोमर ने उठाई जांच की मांग, बोले- 4 दिन से सर्वोदय अस्पताल में चल रहा इलाज; खाद्य विभाग ने कहा- लेंगे सैंपल
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के न्यू आर्य नगर में हाईवे स्थित एक रेस्तरां से मंगाया गया पिज्जा खाने के बाद 10 वर्षीय बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पिछले चार दिन से उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
14 जून की शाम मंगाया था पिज्जा
न्यू आर्य नगर निवासी मनोज प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि 14 जून की शाम उन्होंने हाईवे स्थित एक पिज्जा रेस्तरां से पिज्जा मंगाया था। आरोप है कि पिज्जा खाने के कुछ देर बाद ही उनकी 10 वर्षीय बेटी तेजस्विनी को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। रात में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल ले जाना पड़ा।
खाद्य विभाग करेगा जांच
मनोज का कहना है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसा न हो। इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। संबंधित रेस्तरां से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











