श्रावण शिवरात्रि को लेकर हापुड़ में 6 दिन बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज, 7 से 12 अगस्त तक नर्सरी से 12वीं तक के सभी बोर्डों के संस्थान रहेंगे बंद

श्रावण शिवरात्रि को लेकर हापुड़ में 6 दिन बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज, 7 से 12 अगस्त तक नर्सरी से 12वीं तक के सभी बोर्डों के संस्थान रहेंगे बंद
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
श्रावण शिवरात्रि पर्व के चलते जनपद हापुड़ में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को 6 दिन बंद रखने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी कविता मीना ने आदेश जारी कर बताया कि 11 अगस्त 2026 को श्रावण शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों का जनपद में आगमन शुरू हो गया है। श्रद्धालु जिले के विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करेंगे।
कांवड़ियों की सुरक्षा और मार्गों पर सुगम आवागमन के साथ-साथ विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
7 से 12 अगस्त तक रहेगा अवकाश
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार जनपद हापुड़ में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों द्वारा संचालित समस्त विद्यालयों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में दिनांक 07.08.2026 से 12.08.2026 तक अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार पढ़ाई जारी रखें।















