रेलवे पार्क में पौधारोपण अभियान, “हर घर एक पौधा” का लिया संकल्प

रेलवे पार्क में पौधारोपण अभियान, “हर घर एक पौधा” का लिया संकल्प
हापुड़,। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को रेलवे पार्क में महक एलाइंस क्लब द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया गया। क्लब के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के सदस्यों ने उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया।
फलदार और छायादार पौधे लगाए
कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर में फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
क्लब की बबीता शर्मा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पेड़ लगाने चाहिए।
“हर साल एक पौधा” की अपील
कार्यक्रम के समापन पर सभी से अपने आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने और हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की गई।
इस अवसर पर डॉ. सुनीता शर्मा, सुनीता स्वामी, गीता खत्री, प्रेरणा खत्री, अलका माहेश्वरी, संगीता बाहेती, वृंदा माहेश्वरी और रुबीना माहेश्वरी सहित महक एलाइंस क्लब की कई सदस्याएं मौजूद रहीं।















