बंद फैक्ट्री में श्रमिक का शव फांसी पर लटका मिला, आत्महत्या की सम्भावना

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी क्षेत्र स्थित एक बंद फैक्ट्री में गुरुवार को एक श्रमिक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
जानकारी के अनुसार धौलाना थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी फेस-2 में गुरुवार को एक बंद फैक्ट्री में एक श्रमिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फैक्ट्री से जुड़े लोगों ने अंदर का मंजर देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पिलखुवा क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान, एडीएम संदीप कुमार और श्रम विभाग की अधिकारी सर्वेश कुमारी भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ अनिता चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी अनिल (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनिल लंबे समय से आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान था। पारिवारिक विवाद भी उसकी मानसिक स्थिति को प्रभावित कर रहा था, जिससे वह तनाव में था।
बताया जा रहा है कि अनिल कुछ दिन पहले रोजगार की तलाश में यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में आया था, लेकिन उसे कोई स्थायी काम नहीं मिला। इसी दौरान एक चौकीदार ने उसे अस्थायी रूप से फैक्ट्री में रहने की अनुमति दी थी। चौकीदार के गांव जाने के बाद वह वहां अकेला रह रहा था। अनिल अपने पीछे पत्नी सविता और एक छोटी बेटी को छोड़ गया है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।











