पुलिस चौकी में दबंग का तांडव: दरोगा की टोपी पहनकर तोड़े शीशे-गमले, फाड़े कागजात

पुलिस चौकी में दबंग का तांडव: दरोगा की टोपी पहनकर तोड़े शीशे-गमले, फाड़े कागजात
हापुड़(यथार्थ मुन्ना/ रिशु सिंह)।
थाना देहात क्षेत्र की दोमयी पुलिस चौकी में शनिवार को एक दबंग युवक ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने दरोगा की टोपी पहनकर चौकी परिसर में तोड़फोड़ की और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए।
पुलिस के अनुसार घटना के समय चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी चौकी के अंदर दाखिल हुआ और हंगामा शुरू कर दिया।
आरोपी ने सबसे पहले दरोगा की टोपी उठाकर पहन ली। इसके बाद चौकी में रखे शीशे, गमले और फर्नीचर तोड़ डाले। उसने टेबल पर रखे कागजात भी फाड़ दिए। करीब 15 मिनट तक चले इस तांडव से चौकी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने शोर सुना तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चौकी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अभद्रता की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। चौकी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।











