नगर के गोल मार्केट में नगर पालिका ने बुल्डोजर से हटवाया अतिक्रमण, दी चेतावनी

नगर के गोल मार्केट में नगर पालिका ने बुल्डोजर से हटवाया अतिक्रमण, दी चेतावनी
हापुड़। नगर पालिका परिषद ने बुधवार को गोल मार्केट में बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। हंगामे की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नगर पालिका की टीम जेसीबी मशीन लेकर गोल मार्केट में पहुंची। टीम ने सड़क किनारे अवैध कब्जे कर रखे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध रूप से लगाए गए बांस-बल्लियों को हटाया गया। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई। गोल मार्केट में लंबे समय से अतिक्रमण की वजह से रास्ता संकरा हो गया था। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक सुनील कुमार और पुलिस बल मौजूद थे।
वहीं टीम के पहुंचते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों और नगर पालिका की टीम के बीच कई जगह बहस हुई। फिर भी प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया। नगर पालिका के अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।











