टोलकर्मियों पर अधिवक्ता से मारपीट व लूट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

हापुड़ ।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसिंगपुर निवासी शंकरलाल ने बुलंदशहर रोड स्थित एक टोल प्लाजा के टोलकर्मियों पर उनकी कार न निकालने पर उनके साथ जमकर मारपीट कर उन्हें जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। टोलकर्मियों ने अभद्रता कर उनके ड्राईवर को जातिसूचक शब्द भी कहे। व्यक्ति ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एडवोकेट शंकरलाल ने बताया कि शनिवार को वह अपने चालक के साथ कार में सवार होकर आगरा अपने किसी निजी काम से गए थे। शाम को लौटते समय वह बुलंदशहर रोड स्थित एक टोल पर रुके। आरोप है कि टोल पर कार्यरत कर्मचारी – अन्य लाइनों में लगे वाहनों को निकाल रहे थे। जबकि दूसरी लाइन में खड़ी उनकी कार – को टोलकर्मी नहीं निकाल रहे थे। इस पर उनकी टोलकर्मियों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद टोलकर्मी उन्हें रिकॉर्ड रूम में ले गए और उनके साथ मारपीट की और उनकी जेब में रखी 1300 रुपये की नकदी भी छीन ली। उन्होंने बताया कि न मारपीट में वह घायल हो गए थे। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
बताया जा रहा है कि मारपीट में एक टोलकर्मी भी घायल हुआ है। उधर, टोलकर्मियों ने बताया कि अधिवक्ता द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। इसकी पुष्टि के लिए उनके पास वीडियो भी उपलब्ध है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।











