चोरों ने घरों को बनाया निशाना,अवर अभियंता के घर से 4.60 लाख के गहने-नकदी उड़ाई

चोरों ने घरों को बनाया निशाना,अवर अभियंता के घर से 4.60 लाख के गहने-नकदी उड़ाई
हापुड़। सिम्भावली थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर में चोरों ने एक ही रात में दो घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ऊर्जा निगम में अवर अभियंता सुधीर कुमार शर्मा का परिवार मूल रूप से जमालपुर का निवासी है। सुधीर वर्तमान में अलीगढ़ में तैनात हैं और गांव में उनके माता-पिता रहते हैं।
सुधीर ने बताया कि 23 जुलाई को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा है। गांव पहुंचकर देखा तो चोर अलमारी और संदूक तोड़कर करीब 60 हजार रुपये नकद और लगभग 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण ले गए थे।
पड़ोस में भी चोरों ने एक अन्य घर को निशाना बनाया और वहां से भी नकदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिम्भावली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि सुधीर शर्मा की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।















