कांवड़ यात्रा के चलते स्कूलों में अवकाश की मांग, शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा पत्र, डायवर्जन से आवागमन में दिक्कत का हवाला

कांवड़ यात्रा के चलते स्कूलों में अवकाश की मांग, शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा पत्र, डायवर्जन से आवागमन में दिक्कत का हवाला
हापुड़। कांवड़ यात्रा के दौरान डायवर्जन और जाम की वजह से शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने अवकाश की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिसौदिया और जिला मंत्री नीरज चौधरी के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं ने सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
नेताओं ने कहा कि कांवड़ यात्रा के कारण हापुड़ की हाईवे और मुख्य सड़कों पर डायवर्जन किया गया है। इससे मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। हापुड़ में रहने वाले शिक्षक भी जाम और भीड़ के कारण समय से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं।
संघ ने मांग की है कि कांवड़ यात्रा अवधि तक जिले के परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए, ताकि शिक्षकों और छात्रों को आवागमन की असुविधा न हो।
बीएसए दीपा भाटी ने कहा कि मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।















