CNG प्लांट में मजदूर की संदिग्ध मौत, शव घर के बाहर फेंकने से ग्रामीणों में आक्रोश

CNG प्लांट में मजदूर की संदिग्ध मौत, शव घर के बाहर फेंकने से ग्रामीणों में आक्रोश
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में स्थित एक सीएनजी गैस प्लांट में काम करने वाले मजदूर की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि प्लांट प्रबंधन ने बिना सूचना दिए शव को मजदूर के घर के बाहर फेंक दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को प्लांट के गेट पर रखने की तैयारी कर भारी हंगामा शुरू कर दिया।
बुधवार को प्लांट में काम करने वाले एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत की सूचना परिवार को नहीं दी गई और सीधे शव को उनके घर के बाहर रख दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाकर प्लांट के मुख्य गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर गढ़मुक्तेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्लांट में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जाएगी। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।











