आग से झुलसी विवाहिता की दिल्ली में मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

आग से झुलसी विवाहिता की दिल्ली में मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
हापुड़। दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र की इस घटना में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़मुक्तेशर के अल्लाबख्शपुर निवासी जगदीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नेहा की शादी करीब 2 साल पहले नगर के रामलीला मैदान बारादरी निवासी अमन से की थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दामाद अमन, ससुर अनिल, सास सरोज, देवर शिवम और ननद प्रीति अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर नेहा को प्रताड़ित किया जाता था।
जगदीश का कहना है कि परेशान होकर बेटी ने मायके वालों को जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई और आरोपियों ने दोबारा परेशान न करने का वादा किया था।
पीड़ित पक्ष के अनुसार 17 जुलाई की रात ससुराल पक्ष ने सूचना दी कि नेहा संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई है। परिजन तुरंत गढ़ पहुंचे और गंभीर हालत में नेहा को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान नेहा ने दम तोड़ दिया।
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने ही उनकी बेटी को जलाया है।
सीओ गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











