दहेज में 2 लाख और भैंस की मांग, महिला ने पति-ससुरालियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

दहेज में 2 लाख और भैंस की मांग, महिला ने पति-ससुरालियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
हापुड़। दहेज की मांग पूरी न करने पर विवाहिता को परेशान करने का मामला सामने आया है। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बैठ की एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर 2 लाख रुपये और भैंस की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता मुस्कान ने बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उस पर मायके से 2 लाख रुपये और एक भैंस लाने का दबाव बना रहे हैं।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे गाली-गलौज कर मारपीट की जाती है और तलाक देने की धमकी भी दी जाती है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सीओ सिंभावली राहुल यादव ।ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान और साक्ष्य जुटाने में जुटी है।











