हापुड़ में बंदरों का आतंक, स्कूली बच्चों पर किया हमला, वीडियो वायरल

हापुड़ में बंदरों का आतंक, स्कूली बच्चों पर किया हमला, वीडियो वायरल
हापुड़। बंदरों के आतंक से हापुड़ का कृष्णानगर दहशत में है। सोमवार सुबह स्कूल जा रहे 50 से अधिक बच्चों पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि कोई बच्चा घायल नहीं हुआ। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
घटना सुबह करीब 8 बजे की है। कृष्णानगर की गली से गुजर रहे स्कूली बच्चे अचानक बंदरों के झुंड से घिर गए। बंदरों को देख बच्चे चीखते-चिल्लाते भागे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बंदरों को भगाया और बच्चों को बचाया।
स्थानीय निवासी निशांत सिंहल, अमित गर्ग और सोनू शर्मा ने बताया कि यह रोज की समस्या बन गई है। बंदर आए दिन छात्रों, महिलाओं और वाहन सवारों पर हमला कर रहे हैं। छतों पर बैठना और सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी नगर पालिका और वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
पालिका क्षेत्र में बंदरों के हमलों से रोजाना लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
मामले में एडीएम संदीप कुमार ने कहा कि जल्द ही नगर पालिका और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बंदरों को पकड़वाने और समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।











