नेहरू चौक की पुलिया खुली, गोल मार्केट-रेलवे रोड में जलभराव से राहत

नेहरू चौक की पुलिया खुली, गोल मार्केट-रेलवे रोड में जलभराव से राहत
व्यापारियों की मांग पर नगर पालिका ने कराई नाले की सफाई
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
पंडित नेहरू की प्रतिमा के नीचे पुलिया जाम होने से गोल मार्केट और रेलवे रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या बुधवार को दूर हुई। नगर पालिका ने पुलिया खोलकर नाले की सफाई कराई।
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल ने बैठक में डीएम के सामने यह मुद्दा उठाया था। व्यापारियों ने बताया था कि नेहरू चौक पर दोनों ओर की पुलिया बंद होने से बरसात में पानी की निकासी नहीं हो पाती। इससे गोल मार्केट, रेलवे रोड पुलिस चौकी और अतरपुरा चौक पर पानी भर जाता था।
अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा के निर्देश पर नगर पालिका कर्मियों ने नेहरू चौक पर पुलिया के ज्वाइंट खोले। सफाई के दौरान पता चला कि मूर्ति के नीचे वाली पुलिया पूरी तरह जाम थी। इसी कारण गढ़ रोड और रेलवे रोड का पानी वापस आकर गोल मार्केट के नाले में जा रहा था, जिससे नाला ओवरलोड होकर जलभराव हो रहा था।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वाले ने कहा कि पुलिया खुलने से अब गोल मार्केट और अतरपुरा चौक पर जलभराव की समस्या में काफी सुधार होगा।
सफाई के समय ईओ संजय मिश्रा, मुख्य सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, सफाई निरीक्षक अजय, विजय पाल सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











