शादी का झांसा देकर लुटेरी दुल्हन फरार, 7 लाख की नकदी-जेवर लेकर भागी; 3 के खिलाफ केस दर्ज

शादी का झांसा देकर लुटेरी दुल्हन फरार, 7 लाख की नकदी-जेवर लेकर भागी; 3 के खिलाफ केस दर्ज
हापुड़। शादी का सपना संजोए एक युवक को लुटेरी दुल्हन ने ऐसा चूना लगाया कि उसके अरमानों के साथ लाखों की नकदी और जेवर भी ले उड़ी। थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव नारायणपुर बास्का में शादी कराने के नाम पर सुनियोजित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बिजनौर के बिचौलिये समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है
पीड़ित ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी ब्रह्मपाल से हुई थी। ब्रह्मपाल ने शादी कराने का भरोसा देकर एक महिला से मिलवाया। कुछ दिन बाद ब्रह्मपाल अपने साथियों के साथ गांव आया और शादी कराने के नाम पर करीब दो लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसकी शादी एक महिला से करा दी गई।
शादी के बाद नई दुल्हन ने अलग-अलग बहाने बनाकर पति से दूरी बनाए रखी। पांच दिन तक वह घर में रही और सबका विश्वास जीत लिया। आरोप है कि छठे दिन महिला घर में रखे प्लॉट बिक्री के करीब पांच लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान समेटकर फरार हो गई।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने महिला और बिचौलिये से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी के फोन बंद मिले। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर कपूरपुर पुलिस ने ब्रह्मपाल, मंजू सैनी और हरिद्वार निवासी सरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।











