1.60 लाख के बदले 49 ग्राम सोना गिरवी रखा, 95 हजार लौटाने पर भी प्रमुख सर्राफ ने नहीं दिया जेवर, दी तहरीर

1.60 लाख के बदले 49 ग्राम सोना गिरवी रखा, 95 हजार लौटाने पर भी सर्राफ ने नहीं दिया जेवर
असौड़ा की महिला ने एसपी से की शिकायत, बोली- बिना लिखा-पढ़ी के रखा था सोना, अब बकाया लेकर गई तो बदल गई नीयत
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा की रहने वाली महिला ने हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के एक सर्राफ पर गिरवी रखा लाखों का सोना हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
डेढ़ साल के लिए रखा था गिरवी
असौड़ा निवासी नरगीस ने बताया कि 15 जनवरी 2022 को उसने अपना 49 ग्राम सोना हापुड़ के एक सर्राफ के पास गिरवी रखकर 1.60 लाख रुपये उधार लिए थे। सोना डेढ़ साल के लिए गिरवी रखा गया था। उस समय कोई लिखा-पढ़ी नहीं हुई थी। सर्राफ ने भरोसा दिया था कि सोना अमानत के तौर पर सुरक्षित रहेगा और रकम लौटाने पर वापस कर दिया जाएगा।
95 हजार लौटा चुकी है पीड़िता
नरगीस के मुताबिक उसने समय-समय पर सर्राफ को कुल 95 हजार रुपये वापस कर दिए। 28 फरवरी को वह पति के साथ बकाया 65 हजार रुपये लेकर सर्राफ की दुकान पर गई और सोना वापस मांगा।
आरोप: रुपये देखकर बदल गई नीयत
पीड़िता का आरोप है कि हिसाब करने के बहाने सर्राफ टालमटोल करने लगा। ब्याज सहित पूरी रकम लेने के बाद भी उसने सोना लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि सर्राफ की नीयत में खोट आ गई है और वह सोना हड़पना चाहता है।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में नरगीस ने न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











