पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार को लौटाए 78,533 रुपय

पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार को लौटाए 78,533 रुपय
हापुड़। साइबर ठगों के खिलाफ हापुड़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सिंभावली थाना पुलिस की साइबर सेल ने ठगी का शिकार हुए बक्सर गांव निवासी नीरज के 78,533 रुपये वापस कराए हैं। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत की गई।
पीड़ित नीरज पुत्र महेंद्र, निवासी ग्राम बक्सर, थाना सिंभावली को साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी थी। फाइल डाउनलोड करते ही ठगों ने मोबाइल हैंग कर बैंक खाते से 78,533 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
सिंभावली साइबर सेल ने शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू की। बैंक और पेमेंट गेटवे से समन्वय कर ठगी गई पूरी रकम को होल्ड कराया और पीड़ित के खाते में वापस दिलवाई। पुलिस ने बताया कि समय पर शिकायत मिलने से पूरी राशि बचाई जा सकी।
हापुड़ पुलिस ने जनता से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें। साथ ही बैंक खाता नंबर, ओटीपी, पिन या सीवीवी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।











