कई गोवंश अचानक हुए अचेत, गांव में मचा , ग्रामीणों ने लगाया संदिग्ध इंजेक्शन का आरोप, CCTV कैमरे में कैद हुए आरोपी

कई गोवंश अचानक हुए अचेत, गांव में मचा , ग्रामीणों ने लगाया संदिग्ध इंजेक्शन का आरोप
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के माधापुर गांव में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गांव में घूम रहे कई निराश्रित गोवंश अचानक अचेत होकर गिर पड़े। एक साथ कई गोवंशों के बेहोश होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने अज्ञात लोगों द्वारा संदिग्ध इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
लड़खड़ाकर गिरे गोवंश, ग्रामीणों में आक्रोश
गांव निवासी नरेंद्र त्यागी ने बताया कि बुधवार रात गांव में घूम रहे गोवंश अचानक लड़खड़ाने लगे और कुछ ही देर में जमीन पर गिर गए। देखते-देखते कई गोवंश अचेत हो गए। घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर इलाज न मिलता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। लोगों ने दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पशुपालन विभाग को जानकारी देने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची और अचेत गोवंशों का इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद गोवंशों की निगरानी शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि गोवंश बीमारी, जहरीले पदार्थ या किसी इंजेक्शन के असर से अचेत हुए हैं।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी। पशु चिकित्सा विभाग की टीम गोवंशों का परीक्षण कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अचेत होने का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर गोवंशों को नुकसान पहुंचाया है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।











