गंगा में डूबी 9 साल की परी का शव बसी बांगर से बरामद, ननिहाल आई थी बच्ची

गंगा में डूबी 9 साल की परी का शव बसी बांगर से बरामद, ननिहाल आई थी बच्ची
बहादुरगढ़ के रहरवा घाट पर परिवार के साथ स्नान करते समय गहरे पानी में गई थी; नरसैना थाना क्षेत्र में मिला शव, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम रहरवा के पास गंगा में स्नान के दौरान लापता हुई 9 वर्षीय बालिका का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। शव थाना नरसैना क्षेत्र के ग्राम बसी बांगर के पास गंगा से मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ननिहाल आई थी परी
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान परी पुत्री अशोक, निवासी मिशलगढ़ी, थाना मसूरी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। परी अपने पिता के साथ नाना के घर आई हुई थी। रविवार शाम 14 जून 2026 को वह परिवार के साथ रहरवा घाट पर गंगा स्नान के लिए गई थी।
स्नान के दौरान हादसा
स्नान करते समय परी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई। परिजनों ने तुरंत तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस, डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के थानों को भी अलर्ट कर खोजबीन शुरू की गई।
लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार को बालिका का शव ग्राम बसी बांगर, थाना नरसैना क्षेत्र में गंगा किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। थाना बहादुरगढ़ पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।











